6 Dec 2015

हिंदी व्याकरण - शब्द विचार

प्रश्न- शब्द किसे कहते हैं?
उत्तर- अक्षरों/वर्णों के के उस समूह या जोड़ को शब्द कहते हैं, जिससे कोई अर्थ निकले|
प्रश्न- शब्द की विशेषताएं बताएं?
उत्तर- १. शब्द वर्णों के समूह से बनते हैं|
२. शब्द से किसी अर्थ की अभिव्यक्ति होती है|
३. शब्दों का भाषा में स्वत्तंत्र रूप से प्रयोग किया जा सकता है| शब्द स्वतंत्र इकाई होने के कारण उनके अर्थ शब्द कोश में देखे जा सकते हैं|
४. शब्दों का जब वाक्यों में प्रयोग किया जाता है तो ये निश्चित कार्य करते हैं, जिनके आधार पर इन्हें संज्ञा, सर्वनाम, क्रिया, विशेषण आदि भेदों में बांटते हैं|
प्रश्न- शब्द के वर्गीकरण के कितने आधार हैं?
उत्तर- हिंदी भाषा में शब्दों का वर्गीकरण चार आधारों पर किया जाता है-
१. उत्पत्ति या स्त्रोत के आधार पर|
२. व्युत्पत्ति या रचना के आधार पर|
3. अर्थ के आधार पर|
४. प्रयोग के आधार पर|
प्रश्न- हिंदी भाषा में उत्पत्ति या स्त्रोत के आधार पर कितने प्रकार के शब्द प्रयोग किये जा रहे हैं?
उत्तर- पांच प्रकार के शब्द|
१. तत्सम शब्द |
२. तद्भव शब्द|
३. देशी/देशज शब्द|
४. विदेशी शब्द|
५. संकर शब्द|
प्रश्न- तत्सम शब्द किसे कहते हैं?
उत्तर- तत्सम शब्द दो शब्दों के मेल से बना है तत्+सम अर्थात उस ( स्त्रोत भाषा) के समान | इसलिए संस्कृत भाषा के जो शब्द मूल रूप में ही हिंदी में प्रयोग किये जा रहे हैं, उन्हें तत्सम शब्द कहते हैं| जैसे- अग्नि, पृथ्वी, कार्य, कवि आदि|
प्रश्न- तद्भव शब्द किसे कहते हैं?
उत्तर- तद्भव शब्द दो शब्दों के मेल से बना है तद्+भव अर्थात उस (स्त्रोत भाषा) से होना| इसलिए जो शब्द स्त्रोत भाषा से विकसित या परिवर्तित होकर हिंदी भाषा में प्रयोग किये जा रहे हैं, उन्हें तद्भव शब्द कहते हैं| जैसे- संस्कृत के रात्रि शब्द से रात, स्वप्न से सपना आदि |
प्रश्न- विदेशी शब्द किसे कहते हैं?
उत्तर- विदेशी शब्दों को आगत शब्द भी कहा जाता है, जिसका अर्थ है आया हुआ| अर्थात जो शब्द दूसरी भाषाओँ से हिंदी में आये हैं, वे विदेशी या आगत शब्द कहलाते हैं| हिंदी में अरबी, फारसी, अंग्रेजी आदि अनेक भाषाओँ के शब्द प्रयोग होते हैं| जैसे- औरत, जुर्माना, आदमी, कारीगर, कुरता, तौलिया, कारतूस, रिक्शा, लीची, कार आदि |
प्रश्न- देशी या देशज शब्द किसे कहते हैं?
उत्तर- जिन शब्दों की मूल भाषा अथवा स्त्रोत का पता नहीं है और अब हिंदी भाषा में प्रयोग हो रहे हैं| देशज या देशी शब्द कहलाते हैं| जैसे- भोंदू, झकझक, लोटा, पगड़ी आदि|
प्रश्न- संकर शब्द किसे कहते हैं?
उत्तर- दो भिन्न भाषाओँ से बने शब्द संकर शब्द कहलाते हैं| जैसे- रेलगाड़ी, लाठीचार्ज, थानेदार आदि



Share this

Tag :